मछरेहटा(सीतापुर)। गांव के बाहर बकरी चराने गए एक किशोर की खेत की सुरक्षा को लगे कंटीले तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी। मृतक के पिता ने मामले में गांव के ही खेत स्वामी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले मे जांच की जा रही है।
थाना मछरेहटा इलाके के ग्राम इटावा निवासी तोताराम (13) पुत्र रामविलास गुरुवार को गांव के बाहर बकरी चराने गया था, जहां पर करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक के पिता का कहना है कि उनका बेटा बकरी चराने गया था, जहां पर गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने खेत में चारों ओर कंटीले तार लगा कर करंट दौड़ा रखा है।
बताया कि किशोर खेत की ओर बढ़ा, इसी दरम्यान तारों की चपेट में आ गया और चिपक गया। घटना की जानकारी बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर किशोर को करंट से छुड़ाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। गंभीर हालत में उसे मछरेहटा सीएचसी ले जाने के दौरान ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर मृतक के पिता ने खेत में कंटीले तारों को लगाकर उसमें करंट दौड़ाकर रखने वाले खेत स्वामी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। आरोप लगाया कि अगर खेत में तार लगाकर करंट नहीं दौड़ाया गया होता तो उसका बेटा जिंदा होता। एसओ का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई होगी।