खैराबाद । आरएमपी कॉलेज मैदान में शुक्रवार को खैराबाद ब्लॉक की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में 66 अंक हासिल कर टेड़वा संकुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 62 अंकों के साथ परसेहरा द्वितीय और 44 अंक पाकर अकबरगंज संकुल तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बीईओ सतीश कुमार मिश्रा और आरएमपी कॉलेज के प्रधानाचार्य रजनीश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित और ध्वजारोहण कर किया। प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और पूर्व माध्यमिक विद्यालय भगवतीपुर के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। 600 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में मधवापुर के आदर्श कुमार प्रथम, भगवतीपुर के सचिन कुमार द्वितीय और महदापुर के कर्मवीर तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में जमैयतपुर की नीतू प्रथम, कीर्ति द्वितीय और नेरपुर की प्रतिमा तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय नरही की टीम विजेता और भगवतीपुर की टीम उपविजेता रही।