सीतापुर। रालोद नेताओं ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर को ज्ञापन देकर एप से किसानों को खाद दिए जाने की योजना में आड़े आ रही तकनीकी खामियां दूर कराने की मांग की है। फार्मर रजिस्ट्री एवं वरासत आदि त्रुटियों को दूर कराते हुए किसानों को व्यवस्था का समुचित लाभ दिलाने का अनुरोध किया गया। रालोद के जिला महासचिव अभिषेक मिश्र ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की किसान हित में यह पहल महत्वपूर्ण है। इससे बिचौलियों पर अंकुश लगेगा व निर्धारित दर से अधिक पर उर्वरक बेचे जाने की शिकायतें कम होंगी। चूंकि अभी यह व्यवस्था प्रयोग के तौर पर प्रदेश के सिर्फ दो जिलों सीतापुर व रामपुर में लागू की गई है। इसमें फार्मर रजिस्ट्री व वरासत आदि की तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। यह समस्याएं दूर कराते हुए इस व्यवस्था का लाभ किसानों को प्रदान कराए जाने की मांग ज्ञापन में की गई है। (संवाद)