सीतापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेगा। इसको लेकर शिक्षकों ने गुरुवार को प्रादेशिक नेतृत्व के आह्वान पर डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा। इसके जरिए कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षक पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य समस्याओं के निस्तारण की काफी समय से मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके हर बार आश्वासन ही दिया जाता है। इसको देखते हुए मूल्यांकन का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने मांग किया कि वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता की धारा में संशोधन किया जाए।
सरकारी कर्मचारियों की तरह माध्यमिक शिक्षकों को चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाए। केंद्र की तरह पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए। इस अवसर पर जिलामंत्री अनिल कुमार यादव, मकसूद अली सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।