महराजनगर (सीतापुर)। तालगांव में अंगेठा चौकी के पास एक युवक का शव शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। तालगांव पुलिस उसे लावारिस हालत में बिसवां सीएचसी में छाेड़कर चली आई। बिसवां पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
बिसवां-लहरपुर मार्ग पर चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक अज्ञात युवक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी, युवक के कान पर चोट का निशान था। कान से खून का रिसाव हो रहा था।
उसने गुलाबी लोवर और बैंगनी रंग की शर्ट पहन रखी थी। हाथ में कलावा बंधा था। तालगांव पुलिस ने युवक को बेहोश बताते हुए सीएचसी बिसवां भेज दिया। फिर वहां से पल्ला झाड़ते हुए चली आई। इंस्पेक्टर बिसवां मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि मामला तालगांव क्षेत्र का है। बिसवां पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए कार्रवाई कर रही है।