सीतापुर। जिले में सोमवार को धुंध का प्रकोप बढ़ गया। सुबह आठ बजे तक कुहासा छाया रहा और सर्द हवा चलने से गलन ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। हालांकि, रविवार की तुलना में सोमवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़त दर्ज हुई, मगर बादलों की आवाजाही के कारण कोई राहत नहीं मिली।
धूप भी सर्द हवा के कारण फीकी रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में तेज पछुआ हवा चलने से गलन बढ़ने के आसार हैं।
सोमवार की सुबह गलन के प्रकोप से लोग ठिठुरते नजर आए। राहत पाने को लोगों ने अलाव एवं हीटर का सहारा लिया। दिन चढ़ने पर धूप निकली पर बादलों की आवाजाही के चलते फीकी रही। धूप के बीच भी 11 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली सर्द हवा ठिठुराती रही। रविवार के मुकाबले न्यूनतम पारा एक डिग्री ऊपर चढ़ा, मगर गलन से राहत नहीं मिली। सूरज ढलने पर गलन बढ़ने से लोग घरों में दुबक गए। उधर, नगर पालिका प्रशासन की तरफ से रोडवेज बस स्टेशन स्थित रैन बसेरा में अलाव की व्यवस्था की गई है।