सीतापुर। कई दिनों से जारी कोहरे का कहर रविवार को थोड़ा थमा रहा, लेकिन बादलों के बीच धुंध दिन भर छाई रही। दिन में छह किमी प्रति घंटे की गति से चली बर्फीली हवाओं ने परेशान किया। लगातार चौथे दिन सूरज के दर्शन नहीं होने से जिंदगी ठिठक गई। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भीषण ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव के आसपास ही बैठकर दिन गुजार रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में नमी 64 फीसदी जबकि शाम गहराते ही 91 प्रतिशत रही। ओस गिरने का मानक 11 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में पारा अभी और गिरेगा। गलन व कोहरे से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं है।
स्वास्थ्य के प्रति रहें सचेत
सर्दी अधिक होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में स्वास्थ्य बिगड़ने का खतरा रहता है। बच्चों, बुजुर्गों व सांस के मरीजों को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। जिला अस्पताल के डॉ. गौरव मिश्र बताते हैं कि बच्चों में सर्दी, खांसी, निमोनिया और पीलिया होने की संभावना रहती है। इस कारण उन्हें पूरे कपड़े पहनाकर रखें। उन्हें बाइक इत्यादि पर न ले जाएं। सुबह जल्दी पार्क इत्यादि में न ले जाएं। सांस के मरीजों को ठंडी हवा से बचना चाहिए। दवाएं सही समय से लेते रहें।
ऐसे करें बचाव
घर से निकलने पर गर्म कपड़े जरूर पहनें।
दिन में चलने वाली हवाओं से बचने के टोपी या मफलर का प्रयोग करें।
खाने में ज्यादा से ज्यादा हरी पत्तेदार सब्जियों का उपयोग करें।
गर्म और ताजा खाना ही खाएं।
रात में घर से बाहर कम ही निकलें।
सड़क किनारे स्थित दुकानों का खुला खाद्य पदार्थ न खाएं।
बीमार होने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल से दवा लें।