हरगांव। अवध शुगर एंड एनर्जी चीनी मिल में रविवार देर रात गन्ना लेकर पहुंचे किसानों व तैनात सुरक्षा कर्मियों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान मिल के सुरक्षाकर्मी ने गन्ना किसानों पर बंदूक तान दी। आक्रोशित किसानों का आरोप है कि इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने हाथापाई भी की। इससे नाराज गन्ना किसानों ने चीनी मिल गेट पर सड़क जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल दोनों पक्षों को समझा बुझा कर स्थिति को बिगड़ने से बचाने के साथ मामला शांत कराया।
इस मामले में किसान सिक्योरिटी गॉर्ड पर बंदूक तानने जबकि मिल प्रशासन किसान पर बिना नंबर के जबरन ट्रॉली अंदर ले जाने का आरोप लगाया है। रौना गांव के निवासी सचिन रविवार की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर मिल पहुंचे। आरोप है कि जब वह अपनी ट्राली अंदर लेकर जाने लगे तो सुरक्षाकर्मी ने अभद्रता की। विरोध पर उनके ऊपर बंदूक तान दी गई। इस घटन की जानकारी अन्य गन्ना किसानों को हुई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। किसान गार्ड पर कार्रवाई की मांग कर प्रदर्शन करने लगे। किसानों ने मिल प्रशासन पर तौल में हेराफेरी का भी आरोप लगाया।
वहीं, मिल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी जेएन सिंह का दावा है कि सचिन बिना नंबर के ट्राली को मिल के अंदर ले जाने लगा। जब सुरक्षा कर्मी ने रोका तो उस पर ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि किसानों ने सुरक्षा कर्मियों की पिटाई भी कर दी। उनका यह भी दावा है कि इस बीच मिल गेट पर तैनात एक गनमैन मौके पर पहुंचा तो किसानों ने उससे बंदूक छीनने का प्रयास किया।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी का दावा है कि सचिन मानक से अधिक गन्ना तौलवाने के लिए एक नवंबर को भी मिल में हंगामा कर चुका है। पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। वहीं, किसानों का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने उन पर बंदूक तान दी, इसके बाद बवाल शुरू हुआ। पुलिस ने बताया कि रात में दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। सोमवार को दोनों पक्षों ने जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समझौता कर लिया।
हरगांव शुगर मिल अधिशासी उपाध्यक्ष शरद सिंह ने बताया कि मिल में जबरन ट्राली ला रहे सचिन को सुरक्षा कर्मियों ने रोका, जिससे वह उग्र हो गया और सुरक्षा कर्मियों से विवाद करने लगा। साथ ही वहां मौजूद अन्य किसान भी उग्र होकर बवाल करने लगे। पुलिस बुलाकर किसी तरह मामले को शांत कराया गया। सचिन की तरफ से माफी नामा दिया गया है।
10 घंटे बंद रही मिल व गन्ना की तौल
अवध शुगर मिल हरगांव में एक लोहे की रॉड मशीन में जाने से तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करने में लगभग 10 घंटे के लिए मिल बंद करनी पड़ी। सुबह लगभग 10 बजे बंद हुई मिल शाम को 6 बजे शुरू हो सकी। इस कारण मिल गेट पर ट्रैक्टर ट्रॉली की लंबी लाइन लग गई। तौल शुरू होने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अंदर ले जाने को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
मिल प्रशासन का दावा- सचिन ने दिया माफीनामा