सीतापुर। अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क हादसों में एक छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। मिश्रिख और महोली क्षेत्र में हुए हादसों के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों हादसों में मृतकों के पास हेलमेट नहीं मिला। नैमिषारण्य के बीबीपुर गांव निवासी करन (18) कल्ली चौराहे पर स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 के छात्र हैं। इसी कॉलेज में मिश्रिख के चांदपुर गांव निवासी लवकुश (18) भी कक्षा 11 में पढ़ते हैं। दोनों सोमवार दोपहर एक बाइक से किसी काम से कल्ली चौराहे से सिधौली मार्ग की ओर जा रहे थे।
चौराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि गिरने के बाद दोनों छात्र करीब 25 मीटर तक सड़क पर फिसलते हुए सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसे।
ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलकर दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मौके पर ही लवकुश की मौत हो गई। वहीं घायल करन को पुलिस सीएचसी मछरेहटा लेकर पहुंची। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, महोली में लखीमपुर खीरी जिले के मितौली के रायपुर गांव निवासी मुनेंद्र (30) अपने गांव से भांजे दिलीप को महोली के डिघरा अंदापुर छोड़ने आए थे। रविवार रात लौटते समय जोगिया खेड़ा गांव के निकट उनकी बाइक में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वह उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी महोली पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक के पास हेलमेट नहीं मिला। सीओ महोली नागेंद्र चौबे ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।