महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शुक्रवार की सुबह सफाई करते समय एक छात्र पर कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। तेज आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला। मरणासन्न हालत में युवक को सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के बरगदिया निवासी नितिन कुमार (18) पुत्र छत्रपाल बीए का छात्र था। शुक्रवार की सुबह बारिश के कारण गिरी छत की मिट्टी व दीवार के पास उगी घास की वह सफाई करने लगा। इसी बीच कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर ढह गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण मलबा हटाने में जुट गए।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मलबे के नीचे से नितिन को मरणासन्न हालत में निकाला गया। घरवाले उसे लेकर सीएचसी महमूदाबाद पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।