पिटाई के बाद चोट दिखाता छात्र
- फोटो : अमर उजाला
सीतापुर शहर के सुमित्रा माडर्न स्कूल के एक शिक्षक ने सातवीं क्लास के छात्र की पिटाई कर दी। छात्र ने घर जाकर आपबीती सुनाई तो परिवारीजन ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। शिक्षक से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी।
हरगांव के मिल कॉलोनी निवासी दिनश उर्फ लालन मिश्रा का पुत्र अक्षत शहर के सुमित्रा माडर्न स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। स्कूल में पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान अक्षत की किसी गलती पर मंगलवार को शिक्षक अनुराग शुक्ला ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। अक्षत के मुताबिक शिक्षक ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी।
घर पहुंच उसने शिकायत की तो परिवारीजनों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया। बाद में कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल दीपक शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं स्कूल प्रबंधन से जुड़े दीपक झींगरन ने बताया कि शिकायत मिली थी।
इस पर छात्र के परिवारीजन से संपर्क कर जांच कराने का आश्वासन दिया था। इस पर वह लोग मान गए थे, लेकिन बाद में पता चला कि छात्र के परिवारीजन ने कोतवाली में शिकायत की है। शिक्षक से कोतवाली पहुंचकर अपनी बात रखने को कहा गया है।