जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार को कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापे मार बालू का अवैध खनन कर रहे लोगों पर शिकंजा कसा। यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी से सोमवार को निकाले गए बिसवां विधायक रामपाल यादव के करीबी होने के शक में की गई।
छापे के दौरान 20 ट्रैक्टर-ट्रॉली व कई ट्रक पकड़े गए। बिसवां में गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया गया। ये पूरी कार्रवाई जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव से जोड़कर देखी जा रही है।
विधायक का बेटा जितेंद्र यादव सपा की उम्मीदवार सीमा गुप्ता के खिलाफ मैदान में है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा प्रत्याशी सीमा गुप्ता का विरोध कर अपने बेटे को अध्यक्ष बनवाने को आतुर बिसवां विधायक रामपाल यादव को पार्टी ने सोमवार को विधानमंडल दल से निलंबित कर दिया था।
बेटे जितेंद्र यादव को भी पार्टी से निकाल दिया था। सूत्रों की मानें तो पार्टी से निकाले जाने के बाद विधायक पूरी तरह से खुलकर अपने बेटे के समर्थन में उतर आए।
डीडीसी सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए जोड़तोड़ शुरू कर दी। इसी क्रम में मंगलवार को जिला प्रशासन ने बालू का अवैध खनन करने वालों के खिलाफ जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पूरे जिले से 20 ट्रैक्टर-ट्रॉली व ट्रक पकड़े गए। इसके अलावा बिसवां में भी टीम ने इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया गया। चर्चा है कि लोगों पर ये कार्रवाई विधायक के करीबी होने के शक में की गई।