निकाय चुनाव की ड्यूटी में लगाए गए मतदान कार्मिकों को रविवार को ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में सभी को चुनावी कार्यों को बेहतर तरीके से निपटाने के गुर सिखाए गए। साथ ही उन्हें अधिकार एवं दायित्व भी बताए गए।
शहर के गल्ला मंडी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन ने कहा कि चुनाव में पीठासीन अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए आप अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निभाएं।
उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी अपने दल का लीडर होता है और लीडर को दल का नेतृत्व करना होता है। आप अच्छा नेतृत्व तभी कर सकते है जब प्रशिक्षण में बताई गईं बातों में अमल करें।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने कहा कि मतदान कराते समय मतदान स्थल पर पानी कदापि न रखा जाए यदि आपके पास पानी की बोतल है तो आप उसे आपने बैग में रखें, क्योंकि लडाई-झगड़ा होने पर लोग मतपेटिका में पानी डाल देते हैं, जिससे मतपत्र खराब हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के पश्चात ज्यादा देर तक मतदान केन्द्र पर न रुके। एक घंटे के भीतर वहां से अवश्य प्रस्थान करे। प्रशिक्षण सत्र को परियोजना अधिकारी डीआरडीए राजेश कुमार त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. हामिद लतीफ ने अपने विस्तार से मतदान कार्मिकों को जानकारी दी। प्रशिक्षण में जाइंट मजिस्ट्रेट श्री शशांक त्रिवेदी, उपजिलाधिकारी सदर प्रभाकांत अवस्थी आदि उपस्थित थे।