सीतापुर। शहर स्थित राजा कॉलेज मैदान में शनिवार को स्वर्गीय डॉ. सुंदरलाल राठौर की स्मृति में फुटबॉल प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता का पहला मैच वॉरियर अकादमी लखनऊ व शाहजहांपुर के बीच खेला गया।
इसमें वॉरियर अकादमी लखनऊ ने 3-0 से मैच जीता। दूसरा मैच गोला और लखीमपुर की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमें 1-1 गोल से बराबरी पर रहीं। टाई ब्रेकर के बाद लखीमपुर की टीम विजयी रही। तीसरा मैच प्रधान क्लब सीतापुर तथा बिसवां के मध्य हुआ। इसे प्रधान क्लब सीतापुर ने 3-0 से जीता।
अंतिम मैच स्टेडियम सीतापुर व अलीगंज वॉरियर लखनऊ के मध्य हुआ। यह मैच भी निर्धारित समय में दो-दो गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। टाई ब्रेकर में स्टेडियम सीतापुर ने अलीगंज वॉरियर लखनऊ को पराजित किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद राकेश राठौर ने किया। सांसद ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों में खेल भावना उत्पन्न होती है। यही खिलाड़ी आगे चलकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। बताया कि स्व. डॉक्टर सुंदरलाल राठौर की स्मृति में आयोजित फुटबाॅल प्रतियोगिता हर साल होती है।