सीतापुर। सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे नैमिषारण्य पहुंचेंगे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद शनिवार को सपा के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। 9 व 10 जून को होने वाले प्रशिक्षण शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
समाजवादी पार्टी प्रदेश में लंबे समय से वनवास काट रही है। लोकसभा, विधानसभा के अलावा पंचायत और निकाय चुनाव में लगातार पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।
पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता मानते हैं, कि पिछले कुछ अर्से में प्रदेश की सियासत में काफी बदलाव नजर आया है। सपा हाईकमान भी अब यह जान गया है कि पार्टी के कोर वोट बैंक के सहारे चुनावी नैया पार लगाना आसान नहीं है। लिहाजा, लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी का शुभारंभ नैमिषारण्य से किए जाने की योजना बनाई गई है।
सपा नेता खुलकर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं पर अप्रत्यक्ष रूप से सपा नेतृत्व के हिंदुत्व कार्ड खेलने की चर्चा है। उधर, सपा मुखिया का कार्यक्रम भी पार्टी ने जारी कर दिया है।
शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे सपा मुखिया सड़क मार्ग से नैमिष के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव ने बताया कि शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई बड़े नेताओं का आगमन भी होगा।
सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे नैमिष के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। शनिवार सुबह 10 बजे वह प्रशिक्षण शिविर में पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे शिविर से बाड़ी निवासी सलीम के घर प्रस्थान करेंगे। बाड़ी में सलीम की दिवंगत पत्नी अंजुम को श्रद्घांजलि देंगे। दोपहर 2:15 बजे पूर्व विधायक हरगोविंद भार्गव तथा 3 बजे सिधौली स्थित हसीन खां के हाईवे स्थित रेस्टोरेंट पहुंचेंगे। 3:30 तीन बजे वह लखनऊ रवाना हो जाएंगे।