महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के गुड़ियनपुर मजरा मितौरा में सोते समय एक किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मेंथा की पेराई के बाद वह खेत पर लगी टंकी पर ही सो गया था। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर गांव निवासी पिता-पुत्र पर रंजिश में हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गुड़ियनपुर मजरा मितौरा निवासी ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ जेलर (45) खेती करता था। गांव में ही स्थित एक खेत में उसने मेंथा की टंकी लगा रखी थी। पत्नी प्रेमा देवी के मुताबिक ज्ञानेंद्र बुधवार रात खाना खाने के बाद मेंथा ऑयल की टंकी पर गया था। कुछ देर तक यहां पेराई करने के बाद वहीं सो गया था।
पास के ही खेत में गांव के गुड्डू उर्फ राम प्रताप और उसका पुत्र शिवानंद भी मौजूद थे। आरोप है कि गुड्डू और शिवानंद ने मिलकर धारदार हथियार (चापड़) से ज्ञानेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले गए।
यहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। उधर, वारदात की सूचना पर सीओ रविशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सुबूत जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एनपी सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रंजिश में वारदात अंजाम दी गई है।
ज्ञानेंद्र पर भी दर्ज हैं कई मामले
सूत्रों के मुताबिक ज्ञानेंद्र बाराबंकी जिले का रहने वाला था। पिछले 20वर्ष से वह गुड़ियनपुर स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। परिवार में पत्नी, चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पुलिस से जुड़े सूत्र बताते हैं कि ज्ञानेंद्र के खिलाफ बाराबंकी जिले के महमूदपुर खाला थाने में हत्या का मामला दर्ज है। इसके अलावा महमूदाबाद कोतवाली में भी 2006 में ज्ञानेंद्र के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज हुआ था।