सीतापुर। अभिनेता अक्षय कुमार के बाद अब अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा भी जिले में अभिनय करती नजर आएंगी। वह संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज हीरामंडी की शूटिंग के लिए 20 सितंबर से 30 सितंबर के बीच सीतापुर आएंगी। निर्देशक संजय लीला भंसाली ने महमूदाबाद किले में शूटिंग के लिए जिला प्रशासन से इजाजत मांगी है। शूटिंग 20 से 30 सितंबर के बीच होनी है।
वेब सीरीज की शूटिंग के लिए निर्देशक संजय लीला भंसाली ने जिले में दो लोकेशन फाइनल किए हैं। इनमें एक महमूदाबाद किला है। यहां अब तक उमराव जान, डेढ़ इश्किया, भूलभुलैया-2 संग कई बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। अभय-3, सुटेबल ब्वाॅय संग कई वेब सीरीज की भी शूटिंग हो चुकी हैं।
हाल ही में सनी देओल की गदर -2 फिल्म की शूटिंग के लिए भी इस लोकेशन को फाइनल किया गया था। लेकिन विरोध के कारण यहां शूटिंग निरस्त करनी पड़ी थी। दूसरी लोकेशन के रूप में 11वीं वाहिनी पीएसी का परिसर है। हाल ही में यहां अभिनेता अक्षय कुमार स्काई फोेर्स फिल्म की शूटिंग कर चुके हैं।