सीतापुर। विद्युत उपकेंद्र पिसावां पर सोमवार देर रात करीब दो बजे बिजली गिर गई। इस कारण कई उपकरण फुंक गए। करीब 200 गांवों में आपूर्ति ठप है। मिश्रिख, रामपुर मथुरा, रेउसा व बिसवां इलाके के करीब 150 गांवों में भी फॉल्ट के चलते आपूर्ति बाधित है। शहर के भवानीपुर व पुराना सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े 30 से अधिक मोहल्लों में मंगलवार को चार घंटे बिजली का संकट बना रहा। बारिश के कारण मरम्मत कार्य में भी देरी हुई।
पिसावां उपकेंद्र में सोमवार रात बिजली गिर गई। इसके चलते यहां पर लगे उपकरण फुंक गए। तेज आवाज होने पर बिजली कर्मी भी सहम गए। इस उपकेंद्र से जुड़े करीब 200 गांवों में आपूर्ति ठप हो गई। बारिश के चलते रात में मरम्मत नहीं हो सकी। मंगलवार को एक टीम मरम्मत कार्य में जुटी रही। लेकिन देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इससे घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। व्यापारी दिनभर बिजली आने का इंतजार करते रहे।
अधिशासी अभियंता द्वितीय दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इसी तरह रामपुर मथुरा, रेउसा, महमूदाबाद, मिश्रिख व सिधौली उपकेंद्र से जुड़े करीब 150 गांवों में बारिश की वजह से फॉल्ट आ गई। कहीं पर तार टूट गए है तो कहीं पर ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई है। मंगलवार दिनभर इन इलाकों में बिजली गुल रही। शहर के भवानीपुर व पुराना सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े 30 से अधिक मोहल्लों में चार घंटे बिजली गुल रही। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि जिन स्थानों पर फॉल्ट आई है। वहां पर मरम्मत का काम चल रहा है।