कमलापुर/सीतापुर। जिले में बिजली की अघोषित कटौती से आम जन त्रस्त हैं। रातभर में चार से पांच घंटे की कटौती हो रही है। बिजली गुल होने से लगभग 1.50 लाख आबादी को जागकर रात काटनी पड़ रही है।
कमलापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र से कस्बा समेत लगभग 90 गांवों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। शासन की ओर से 18 घंटे आपूर्ति के निर्देश हैं। बिजली कटौती के लिए भी रोस्टर तय है। इसके बाद भी अघोषित कटौती और ट्रिपिंग से लोगों को जूझना पड़ रहा है। रात में चार से पांच बार बिजली कटौती की जाती है। हर बार एक से डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रहती है। अवर अभियंता रविन्द्र कुमार का कहना है, कि 132 पावर हाउस से जितनी सप्लाई मिलती है, उतनी दी जा रही है। स्थानीय स्तर पर कटौती नहीं की जाती है।
रात में कटौती सेहत पर पड़ रही भारी
कस्बा निवासी संदीप निगम बताते हैं, कि रात में बिजली कटौती से नींद पूरी नहीं हो पाती है। इससे दिनचर्या प्रभावित हो रही है। दुकान पर दिन में सुस्ती लगती है। बीके दीक्षित ने बताया कि रात में चार से पांच घंटे कटौती ने नींद उड़ा दी है। नींद पूरी न होने का असर काम के साथ सेहत पर भी पड़ रहा है। विपिन, अंशू व जयकृष्ण पांडेय ने कहा कि रोस्टर के हिसाब से कटौती की जानी चाहिए, पर रात में ज्यादा कटौती से जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।