हरगांव (सीतापुर)। हरगांव उपकेंद्र से जुड़े कस्बे व करीब 280 गांवों में बिजली का संकट हो गया है। कस्बे की हालात तो बहुत खराब है, यहां दो दिन में छह ट्रांसफॉर्मर फुंक चुके हैं। एक ट्रांसफॉर्मर बदलने में छह से आठ घंटे लगे रहे है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी में बेहाल होना पड़ रहा है। वहीं गांवों में मुश्किल से आठ घंटे विद्युत आपूर्ति हो रही है। इसमें भी लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या है।
हरगांव कस्बे में रामपुर बरौरा में लगा ट्रांसफॉर्मर शनिवार सुबह फुंकने से घरों में पानी का संकट हो गया। उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे। शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। जबकि यह ट्रांसफॉर्मर एक दिन पहले भी फुंक चुका था। वहीं मुख्य चौराहे पर लगा ट्रांसफाॅर्मर बीती रात फुंकने से रात भर बिजली गुल रही।
सुबह यहां आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके अलावा नगर क्षेत्र में कई जगहों पर केबिल जलने से 10 से अधिक मोहल्लों में विद्युत संकट हो गया। अगर गांवों की बात की जाए तो करीब 280 गांवों में विद्युत सप्लाई हरगांव उपकेंद्र से होती है। एक सप्ताह से यहां बमुश्किल आठ से 10 घंटे सप्लाई हो रही है।
वहीं तार टूटने व ट्रांसफॉर्मर फुंकने से समस्या बढ़ती जा रही है। अवर अभियंता एसके पाल ने बताया कस्बे में जर्जर लाइन से दिक्कत आ रही है। जर्जर तार बदलने का काम शनिवार से शुरू हो गया है। जहां ट्रांसफॉर्मर फुंक रहे हैं, वहां नए लगाकर आपूर्ति बहाल की जा रही है।