डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को एक पत्रकार समेत छह और लोग डेंगू की चपेट में आ गए। इनमें से पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पत्रकार का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन मरीजों के मिलने के बाद जिले में पीड़ितों की संख्या 263 से बढ़कर 269 हो गई है।
तामसेनगंज निवासी आशीष मिश्रा (35) एक हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार हैं। उन्हें एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिवार के सदस्यों ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डेंगू की पुष्टि हुई। शहर के मोहल्ला बट्सगंज निवासी अभिषेक वर्मा (19) भी बीते एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित हैं।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने डेंगू की पुष्टि की। इसी तरह से शहर के मोहल्ला सादिकपुरवा निवासी विनय (20), रंपा रोड सादिक पुरवा निवासी छेदाना देवी (40) व खैराबाद के मोहल्ला महेंद्री टोला निवासी नाईमुन निशां (35) व रामकोट थाना क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी निवासी रंजीत की पत्नी रेशमा देवी (20) को भी बुखार आ रहा है। जिला अस्पताल में हुई जांच में डॉक्टरों ने डेंगू होने की पुष्टि की। इन सभी मरीजों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।