सीतापुर/ अटरिया। थाना क्षेत्र में पाइपलाइन की खोदाई में काफी पुरानी तलवारें मिली हैं। ये तलवारें क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। पुलिस ने इन तलवारों को प्रधान के सुपुर्द कर दिया है।
ग्राम पंचायत पहाड़ापुर मजरा भगवतीपुर में जल शक्ति मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के लिए टैंचर मशीन से जमीन की खोदाई की जा रही थी। तभी रामनाथ के घर के सामने मशीन में फंसकर छह तलवारें बाहर आ गईं। जिनको देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तलवारें कितनी पुरानी हैं, किस धातु की बनी हैं, हर कोई इस जिज्ञासा को लेकर मौके पर पहुंचने लगा। ग्राम प्रधान सुमन लता ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि तलवारों को प्रधान के पास रखवा दिया गया है। वह कितनी पुरानी हैं, यहां क्यों दबाई गईं। इनका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।