उत्पाद के साथ मौजूद दरी कारोबारी। - संवाद
खैराबाद। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सीतापुर के पांच व्यवसायी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाएंगे। इनमें तीन स्टॉल ओडीओपी के तहत डिजाइनर दरियों के होंगे, जबकि दो स्टॉल खाद्य उत्पादों और स्थानीय व्यंजनों से जुड़े हैं।
जिला सहायक उपायुक्त संजीव सिंह ने बताया कि ट्रेड शो में मेसर्स हाफिजिया आर्ट एंड क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स अमर हैंडलूम और हरगांव की मेसर्स अलीशा दरी उद्योग पारंपरिक व डिजाइनर दरियों का प्रदर्शन करेंगी।
वहीं, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम श्रेणी में बिसवां की मेसर्स जय मां पूर्णागिरि फूड प्राइवेट लिमिटेड खाद्य उत्पादों का और एक जनपद एक व्यंजन के तहत मिश्रिख की मेसर्स लाल स्वीट्स पेड़े का स्टॉल लगाएगी। इस भागीदारी से स्थानीय उत्पादों को नया बाजार और बड़ी पहचान मिलने की उम्मीद है।
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में विभिन्न औद्योगिक उत्पादों और विभागों को वैश्विक खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। उद्योग विभाग के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के तहत जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया की पुष्टि हो चुकी है।
विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों व कारोबारियों की भागीदारी से उद्यमियों को वैश्विक बाजार की जरूरतों और निर्यात संभावनाओं पर संवाद का अवसर मिलेगा। इस ट्रेड शो से सीतापुर के उद्यमियों को भी ग्लोबल मार्केट से जुड़ने का नया मंच मिलेगा।