सीतापुर। मनरेगा मजदूरों को रोजगार देने में सीतापुर जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। जिले के 20 हजार 217 परिवारों को वर्तमान वित्तीय वर्ष में सौ दिन का रोजगार दिया गया है। 20 लाख 21 हजार 706 मानव दिवस की मजदूरी का भुगतान संबंधित मजदूरों के बैंक खाते में किया गया है। विकासखंड बेहटा में सर्वाधिक 2929 परिवारों को सौ दिन का रोजगार दिया गया है।
महात्मा गांधी नेशनल रूरल इम्प्लायमेंट गारंटी एक्ट (मनरेगा) के तहत जॉब कार्ड धारक मजदूरों को एक वित्तीय साल में अधिकतम सौ दिन का रोजगार दिए जाने का प्रावधान है। जिससे उनके परिवार को आसानी से भरण पोषण हो सके। वर्तमान में मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को प्रतिदिन 201 रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यह उनके बैंक खाते में भेजा जाता है।
योजना के तहत मजदूरों को सौ दिन का रोजगार देने में जिले के विभिन्न ब्लाकों में प्रगति हुई है। एक फरवरी तक 20217 परिवारों को सौ दिन का रोजगार दिया जा चुका है। इससे 20 लाख 21 हजार 706 मानव दिवस सृजित हुए हैं। इतने दिन की मजदूरी का भुगतान संबंधित मजदूर के बैंक खाते में भेजा गया है। सौ दिन का रोजगार पूर्ण कर चुके परिवारों की यह संख्या मनरेगा की वेबसाइट पर प्रदर्शित हो रही है।
जिले में 19 विकासखंड हैं। ब्लाक बेहटा में सर्वाधिक 2929 मजदूरों को सौ दिन का रोजगार मिला है, जबकि सबसे कम 311 मजदूरों को ब्लाक गोंदलामऊ में रोजगार दिया गया है। विकासखंड एलिया में 1339 मजदूरों को सौ दिन का रोजगार दिया गया है। इसी प्रकार बेहटा में 2929 मजदूरों, बिसवां में 2034, गोंदलामऊ 311, हरगांव 886, कसमंडा 554, खैराबाद 342, लहरपुर 754, मछरेहटा 576, महमूदाबाद 1385, महोली 937, मिश्रिख 1585, पहला 2367, परसेंडी 1123, पिसांवा 441, रामपुर मथुरा 605, रेउसा 943, सकरन 717 एवं विकास खंड सिधौली में 389 मजदूरों को सौ दिन का रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
18 हजार और मजदूर पूरे करेंगे सौ दिन
जिले में करीब 18 हजार ऐसे मजदूर हैं, जिन्हें शीघ्र ही सौ दिन का रोजगार मुहैया करा दिया जाएगा। ये वह मजदूर हैं, जिन्हें करीब 95 दिन तक रोजगार मिल गया है। इन मजदूरों को रोजगार देने के मस्टर रोल जारी किया गया है। जिससे वह कुछ ही दिनों में सौ दिन रोजगार पाने के हकदार हो जाएंगे।
सीतापुर पहले व हरदोई को दूसरा स्थान
प्रदेश में सर्वाधिक 20217 मजदूरों को रोजगार देकर सीतापुर पहले स्थान पर है। इसके बाद दूसरे स्थान पर 13033 मजदूरों को सौ दिन रोजगार हरदोई में दिया गया है। 12658 मजदूरों को जनपद प्रतागढ़, 12599 मजदूरों को बहराइच एवं 11690 मजदूरों का सौ दिन का रोजगार देकर लखीमपुर खीरी जिले पांचवें स्थान पर है।
जिले के 20217 परिवारों को सौ दिन का रोजगार दिया जा चुका है। तकरीबन 18 हजार और परिवारों को सौ दिन का रोजगार मुहैया कराने की कार्रवाई की जा रही है।
- सुशील कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त श्रम रोजगार