सीतापुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग मेधावियों को पढ़ाने वाले सीतापुर के शिक्षकों को गुजरात स्थित आईआईटी गांधीनगर भेजेगा। यहां एक विशेष प्रशिक्षण कराया जाएगा। विभाग समग्र शिक्षा के तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान व गणित विषयों में प्रभावी शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय विद्यालयों से विज्ञान व गणित के शिक्षकों (टीजीटी/पीजीटी) को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय से इस प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों का चयन करने का निर्देश जारी कर दिया गया है। सीतापुर के साथ प्रदेश के सभी 18 मंडलों से विज्ञान व गणित विषय के सहायक अध्यापकों (टीजीटी) व भौतिक विज्ञान,रसायन विज्ञान,जीव विज्ञान और गणित विषय के प्रवक्ताओं (पीजीटी) की सूची मांगी गई है।
इन शिक्षकों का होगा चयन
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए 2024 में यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में राजकीय विद्यालयों में विज्ञान व गणित विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाने वाले सहायक अध्यापकों का चयन होगा। वहीं इंटर में राजकीय इंटर कॉलेजों के गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पढ़ाने वाले प्रवक्ताओं को चिह्नित किया जाएगा।
दो चरणों में होगी कार्यशाला
इस योजना के तहत पहले चरण में प्रदेश के सभी 18 मंडलों से विज्ञान व गणित विषय के 100 उत्कृष्ट शिक्षक, शिक्षिकाओं (टीजीटी) की पांच दिवसीय कार्यशाला 5 जून से 9 जून तक होगी। वहीं, दूसरे चरण में पूरे प्रदेश से भौतिक विज्ञान,रसायन विज्ञान,जीव विज्ञान व गणित विषयों के 100 उत्कृष्ट प्रवक्ताओं (पीजीटी शिक्षक शिक्षिका) की पांच दिवसीय कार्यशाला 24 जून से 28 जून तक होगी। यह दोनों कार्यशाला गांधीनगर आईआईटी में होंगी।