सीतापुर। अयोध्या में ढांचा ध्वंस मामले में 30 सितंबर को आने वाले फैसले को लेकर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त बनाए रखने को लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को मुस्तैद कर दिया गया है। साथ ही पीएसी को भी लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अफसर भी नजर बनाए रखेंगे।
एसपी ने बताया कि थानों पर कार्यालयों में जरूरी कामों के लिए लगे पुलिस कर्मियों के अलावा हर थाने की फोर्स क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगी। पुलिस कर्मी अपने क्षेत्र के संवेदनशील चौराहों व बस्तियों में सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों एसडीएम के साथ बराबर पेट्रोलिंग करते रहेंगे।
पुलिस की यह सक्रियता बुधवार सुबह से गुरुवार तक बनी रहेगी। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी बल भी बुलाया गया है। दो प्लाटून पीएसी भी लगाई गई है। एसपी का कहना है कि यदि किसी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।