यह बात पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्रा ने कही। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही लखनऊ मेल से यात्रा करने के लिए लखनऊ जंक्शन से और वैशाली एक्सप्रेस चारबाग स्टेशन पहुंचना होगा। पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे के बीच ये दोनों गाड़ियां एक्सचेंज की जा रही हैं। इसके चलते बड़ी तादाद में गाड़ियां रद की जाएंगी। वहीं तमाम गाड़ियों को परिवर्तित रूट से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बरौनी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन को उत्तर रेलवे के चारबाग स्टेशन से का निर्णय हो चुका है। वैशाली एक्सप्रेस को देने के बाद उत्तर रेलवे अपनी लखनऊ मेल पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन से चलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जंक्शन में वैशाली में इंजन रिवर्सल की दिक्कत के चलते इसे एक्सचेंज किया जा रहा है।
डालीगंज में नवनिर्मित वेटिंग रूम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लखनऊ डिवीजन में ऐसे स्टेशन जिनमें अधिकारियों के खाली कक्ष, इस्तेमाल न होने वाले गोदाम आदि होेंगे वहां वेटिंग रूम विकसित किए जाएंगे। इनमें लेडीज, जेंट्स और अपर क्लास की तीन श्रेणियां होंगी। इन सभी वेटिंग रूम में एलईडी टीवी पर ट्रेनों का शेड्यूल डिस्प्ले किया जाएगा और स्पीकर का कनेक्शन दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को यहां बैठे होने के बावजूद एनाउंसमेंट सुनाई देता रहे।
सभी स्टेशनों पर कंप्यूटराइज्ड चार्ट और कोच गाइडेंस सिस्टम लगाए जाएंगे। उन्होंने गोंडा तक मेमू ट्रेनें चलाने संबंधी खबरों का खंडन करते हुए इन रूट पर डेमू चलाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि उत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे से मेमू चलाने के लिए अनुरोध किया गया था, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। यह भी कहा कि सात डेमू गाड़ियां जल्द ही चलाई जाएंगी, जिन्हें पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ से गोंडा-गोरखपुर-बनी आदि रूटों पर चलाएगा। लखनऊ गोण्डा रेलखण्ड पर डेमू ट्रेनों का संचालन जल्द शुरू होगा।
महाप्रबंधक राजीव मिश्रा ने कहा कि गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल को चलने वाली साप्ताहिक गाड़ी को सप्ताह में दो बार चलाए जाने की तैयारी है। लखनऊ से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली डबल डेकर एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजने की बात भी उन्होंने कही है।
अामान परिवर्तन का लिया जायजा
सीतापुर। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने सोमवार को ऐशबाग-सीतापुर रेल प्रखंड के अमान परिवर्तन का कामकाज देखा। प्लेटफॉर्म पर नागरिकों की मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद वह लखनऊ लौट गए। मालूम हो कि पूर्वोत्तर रेलवे पर अमान परिवर्तन का काम तेजी से चल रहा है।
पहले चरण में लखनऊ से सीतापुर व दूसरे चरण में लखीमपुर से मैलानी तक होना है। इसकी हकीकत देखने सोमवार को महाप्रबंधक राजीव मिश्र मैलानी से होते हुए लखीमपुर पहुंचे। उसके बाद हरगांव स्टेशन पर बने रहे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया।
इसके बाद वह सीतापुर स्टेशन पहुंचे। यहां पर उन्होंने नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। राजीव मिश्र ने बताया सोमवार को लखीमपुर से मैलानी के बीच चल रहे काम का मुआयना किया है।