बिजली के खंभे में उतरे करंट से एक छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने आननफानन में उसे निजी चिकित्सक के वहां भर्ती कराया। इस घटना को लेकर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने कचनार में सीतापुर-गोला मार्ग जाम कर दिया और पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
करीब दो घंटे तक मार्ग जाम रहने से आवागमन ठप हो गया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अफसरों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। इमलिया सुल्तानपुर इलाके के नकरहिया गांव निवासी छात्र अरविंद (18) राधेश्याम शर्मा राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता है। वह कक्षा 11 का छात्र है।
सोमवार दोपहर वह स्कूल से रामकोट क्षेत्र के कचनार पहुंचा। कचनार में एक होटल पर रुक कर विद्युत पोल के करीब साइकिल खड़ी कर दी और समोसा खाने लगा। समोसा खाने के बाद जब वह लौटा तो पोल से उसका हाथ छू गया। इससे उसे जबरदस्त करंट लग गया।
होटल संचालक व वहां मौजूद अन्य लोगों ने छात्र को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया और परिवारीजन को सूचना दी। खबर पाकर छात्र के परिवारीजन के साथ ही भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। भड़के ग्रामीणों ने कचनार में सीतापुर-गोला मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण करीब दो घंटे तक जाम लगाए रहे।
जाम की सूचना पर एसडीएम, सीओ व एसओ रामकोट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोषी बिजली कर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण माने।