सीतापुर के मछरेहटा के ग्वाली पुरवा गांव में सोमवार को 12 वर्षीय बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने के खेत में मिला। बच्ची का शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने गले पर नाखून जैसे निशान होने का दावा करते हुए गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नीरज की 12 वर्षीय पुत्री पायल सोमवार सुबह करीब 11 बजे खेत की ओर गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी मां सरिता को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने बेटी की तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के खेतों में भी खोजबीन की। काफी देर खोजबीन के बाद पायल का शव उसके ही गन्ने के खेत में मिला। बच्ची का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतका की मां सरिता ने बेटी के गले पर नाखून जैसे निशान होने की बात कहते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति पर गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही मछरेहटा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
सीओ सिटी विनय यादव ने बताया कि फिलहाल बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौत के कारणों का वास्तविक खुलासा जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।