पिटाई के बाद महिला हुई बेहोश, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुर। बिसवां कोतवाली क्षेत्र में बच्चों के विवाद में जेठानी ने देवरानी और उसके बच्चों को बीच सड़क पर पिटाई कर दी। पिटाई से महिला सड़क पर ही बेहोश होकर गिर गई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के गांव शंकरगंज निवासी दीपू शाह की पत्नी पूजा शाह का अपने जेठ दिनेश शाह और उनकी पत्नी जेठानी नीलम शाह से विवाद हो गया। विवाद की वजह बच्चों के बीच खेल के दौरान हुई मारपीट बताई जा रही है। देवरानी पूजा का आरोप है कि जेठानी और जेठ ने बीच सड़क पर बेरहमी से मारा पीटा। इसके बाद वह बेहोश होकर गिर गई।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता के मुताबिक 11 मई को घटना हुई थी। उसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दो दिन बाद दोनों के पति भी आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट करने लगे। मामला कोतवाली पहुंचा और दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।