सीतापुर। साहब...लेखपाल, प्रधान सहित कई अन्य जिम्मेदार पेड़ और फसल कटवा रहे हैं। मेरे खेत का विवाद न्यायालय में विचाराधीन हैं। इसके बावजूद मेरे आम के पेड़ और गूलर के साथ धान की फसल कटवाई जा रही है। यह आरोप मानपुर क्षेत्र के ग्राम भेमरी निवासी अशोक कुमार ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्रीय लेखपाल प्रीती सिंह व प्रधान पर लगाए।
डीएम अभिषेक आनंद ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। वह तहसील सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर मातहतों के साथ जनसुनवाई कर रहे थे। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर धामनी एम दास, सीएमओ डाॅ. सुरेश कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस आयोजन में आईं कुल आठ शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
तहसील मिश्रिख में 30 में से चार, लहरपुर में 15 में से दो, महोली में 21 में से तीन, महमूदाबाद में 24 में से चार, बिसवां में 38 में से आठ तथा सिधौली में 26 में से पांच शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
साहब...मेरे नाम तालाब का पट्टा कराकर प्रधान कर रहा कमाई
सिधौली। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी राखी वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें गढ़ी रावां निवासी राजकुमार ने प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि प्रधान ने उनके नाम तालाब का पट्टा करा लिया और तालाब में मछली पालन कर कमाई कर रहे हैं। उनके नाम हजारों का लगान बन गया है। पीड़ित राजकुमार ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है। गंधौली के मजरा किशुनपुर निवासी बुजुर्ग फूलमती ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह निराश्रित हैं उनको चार वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। पीड़िता ने पेंशन दिलाए जाने की मांग की है।