सीतापुर। मसौदा सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम नहीं हैं, वह रविवार को बूथों पर मतदाता बनने के लिए फार्म भर सकते हैं। इसके लिए विशेष अभियान के तहत बूथों पर बीएलओ संबंधित फार्म के साथ मौजूद रहेंगे। उन्हें दावा और आपत्ति के लिए फार्म भर कर दिए जा सकते हैं। प्रशासनिक अफसर इस काम की निगरानी करेंगे।
22 फरवरी को सभी बूथों पर विशेष अभियान के तहत दावे और आपत्ति ली जाएगी। बूथों पर सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम 6 जनवरी को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में नहीं है, तो उसके द्वारा फार्म-6 घोषणा पत्र के साथ भरकर जमा किया जा सकता है।
विधानसभा मतदाता सूची के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने और समस्या बताने के लिए कोई भी व्यक्ति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकता है। वह जिला निर्वाचन कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय के टेलीफोन नंबर-05862-242333पर संपर्क कर सकते हैं। 9454418071 या टोल फ्री नंबर-1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।