सीतापुर। साहब... खुरवल के प्रधान पुत्र माबिया व अन्य ने तालाब की भूमि पर कब्जा कर दुकान-मकान बना लिया है। यह शिकायत सदरपुर में आयोजित संपूर्ण थाना समाधान दिवस में जनसुनवाई कर रहे जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर से सदरपुर निवासी रोशन ने की। उन्होंने जिलाधिकारी से तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में ज्यादातर मामले राजस्व से संबंधित आ रहे हैं। इन समस्याओं के निपटारे में लेखपालों के साथ अधिकारी भी मौके पर जाएं और निदान कराएं। फरियादियों की समस्या थाना व तहसील स्तर पर निपट जाए तो उन्हें 60 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय न दौड़ना पड़े। इस दौरान 30 प्रार्थनापत्र आए। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, एसडीएम डॉ. अंजलि सिंह, सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, लहरपुर मेंसोनारी पुरवा मजरा बरेती जलालपुर निवासी शिवचंद ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव के पूरब उनकी बाग में फुलवारी व मंदिर बना है, जिसमें गांव के कुछ लोग अपने जानवर बांधते हैं और गंदगी करते हैं। बाग में वट सावित्री की पूजा होती है। गंदगी के कारण महिलाओं को पूजा करने में परेशानी होती है।
शिवचंद ने जांचकर कार्रवाई की मांग की है। इसी तरह हरगांव में आयोजित थाना समाधान दिवस में प्रभारी निरीक्षक बलवंत सिंह शाही ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल तीन शिकायतें आईं। इस अवसर पर कानूनगो हरगांव अजय कुमार दीक्षित व लेखपाल उपस्थित रहे।