मिश्रिख। सोमवार को एसडीएम कार्यालय मिश्रिख का नज़ारा कुछ ऐसा था कि फरियादी एक-एक कर मायूस होकर लौटते दिखाई दिए। मड़िया औरंगाबाद निवासी जयपाल सुबह साढ़े दस बजे अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे, लेकिन दोपहर 12 बजने तक भी एसडीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। जब उन्होंने गार्ड से निवेदन किया तो जवाब मिला कि साहब मीटिंग में व्यस्त हैं, बाद में आइए।
जयपाल की तरह कई अन्य फरियादी भी एसडीएम से मिलने के इंतजार में बैठे रहे, मगर अधिकतर को बिना सुनवाई के ही लौटना पड़ा। कुछ को गार्ड की डांट सुननी पड़ी, तो कुछ इंतजार से थककर घर चले गए। देर तक बैठे लोगों को अगले दिन आने की सलाह देकर वापस भेज दिया गया। बिजौली गांव की वृद्ध महिला झाला अपनी ज़मीन की समस्या लेकर आई थीं। उन्होंने बताया कि कोई कुछ साफ नहीं बता रहा। सिर्फ इतना कहा जा रहा है कि साहब व्यस्त हैं। लगता है अब खाली हाथ लौटना पड़ेगा।
मीटिंग में ही सुनीं कुछ शिकायतें
हम लेखपालों के साथ मीटिंग में व्यस्त थे। मीटिंग हॉल में ही कुछ फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। हमारा प्रयास रहता है कि सभी शिकायतों का समाधान समय पर किया जाए। मैं दोपहर साढ़े तीन बजे तक कार्यालय में मौजूद था।
शैलेंद्र कुमार मिश्रा, एसडीएम मिश्रिख