सीतापुर। बीएड प्रवेश परीक्षा 2023 के प्रश्रपत्र ने विद्यार्थियों को बहुत राहत दी। प्रश्रपत्र के सभी सवाल हल करके उनकी बेहतर मेरिट की उम्मीदें बढ़ गई है। परीक्षा के बाद इसकी साफ झलक उनके चेहरे पर दिखाई दी। इस दौरान 702 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रवेश परीक्षा बृहस्पतिवार को शहर के नौ परीक्षा केंद्रों पर हुई। पहली पाली सुबह नौ से 12 व दूसरी पाली दो से पांच बजे के बीच आयोजित हुई। परीक्षार्थी समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गये। उनको तलाशी लेकर अंदर प्रवेश दिया गया।
पहली पाली में पंजीकृत 3613 के सापेक्ष 3260 ने परीक्षा दी, 353 अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में 3613 के सापेक्ष 3264 ने परीक्षा दी, 349 गैर हाजिर रहे। परीक्षा के बाद केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों ने कहा प्रश्रपत्र बहुत अच्छा आया था। अब उम्मीद है बेहतर अंकों से परीक्षा पास करेंगे। जिला नोडल समन्वयक प्रोफेसर रजनीकांत श्रीवास्तव ने बताया सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा निपट गई।