सीतापुर। शहर के श्यामनाथ मंदिर में 19 अक्तूबर को दीपोत्सव कार्यक्रम होगा। पहली बार शहीद कैप्टन मनोज पांडेय स्मारक से श्यामनाथ मंदिर तक रामपथ बनाया जाएगा। इस बार 51 हजार से अधिक दीपों से श्यामनाथ मंदिर का सरोवर जगमगाएगा। सोमवार को श्यामनाथ तीर्थ परिसर में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
श्यामनाथ मंदिर पर भव्य दीपोत्सव मनाने को लेकर नगरपालिका प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। ईओ वैभव ने बताया कि दीपोत्सव परइस दिन यहां पर भजन संध्या, लेजर शो सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। लगातार तीसरे साल भी यहां पर भव्य तरीके से आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार चुंगी चौराहे पर स्थित शहीद कैप्टन मनोज पांडेय स्मारक से श्यामनाथ मंदिर तक रामपथ बनाया जाएगा।
स्वागत गेट भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा हर बार की तरह तीर्थ के सरोवर को 51 हजार से अधिक दीप जलाकर जगमग किया जाएगा। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नमींद्र अवस्थी, सीओ सिटी विनायक गोपाल भोसले आदि मौजूद रहे।