बिसवां के बेलझरिया निवासी रामनरेश (40) पुत्र हरिशंकर को मानपुर के भोइला कलां स्थित ननिहाल में कुछ संपत्ति मिली थी। इसी संपत्ति को लेकर उसका मानपुर क्षेत्र के ही पंडितपुरवा निवासी सुशील आदि से विवाद चल रहा था।
रामनरेश के पिता हरिशंकर ने बताया कि शुक्रवार सुबह रामनरेश साइकिल से मानपुर के भोइला कलां भूसा लेने के लिए गया था। दोपहर 12 बजे वह लौट रहा था तभी बिसवां इलाके में बहेरवा के करीब उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलियों की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें रामनरेश मृत हालत में मिला।
इस बीच लोगों ने कोतवाली पुलिस को भी सूचना दे दी। खबर लगते ही मृतक के परिवारीजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पिता ने मानपुर इलाके के पंडितपुरवा निवासी सुशील कुमार व प्रेम कुमार पुत्रगण देवीशंकर व गोविंद पुत्र लालता के खिलाफ भूमि विवाद में हत्या का केस दर्ज कराया है।
पिता ने बताया कि आरोपियों से जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। उन लोगों से कई बार मारपीट भी हुई थी। इंस्पेक्टर जेपी सिंह का कहना है कि संपत्ति विवाद में ग्रामीण की गोली मार कर हत्या की गई है। केस दर्ज कर लिया गया है। हत्या आरोपियों की तलाश की जा रही है।