सिधौली। मनिकापुर चौराहे पर शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक दिव्यांग किराना दुकानदार की ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अकोहरा निवासी नसीरुद्दीन (28) दिव्यांग थे। वह शनिवार को अपनी दुकान जा रहे थे। नेशनल हाईवे के किनारे वह अपनी तिपहिया स्कूटी पर बैठे हुए थे।
तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली उनकी स्कूटी से टकरा गई। हादसे में नसीरुद्दीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे की हालत में था। एक मजदूर को पुलिस अपने साथ ले गई है। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अविवाहित थे नसीरुद्दीन :
नसीरुद्दीन की सरसौली में किराना दुकान है। छोटा भाई शर्फुद्दीन भी दुकान पर बैठता था। इसी दुकान से परिवार का भरण-पोषण होता है। वहीं, सबसे बड़ा भाई नईमुद्दीन निजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक है। नसीरुद्दीन अविवाहित थे।