कुतुबनगर। ठाकुर परशुराम सिंह इंटर कॉलेज के खेल मैदान में चल रहे स्व. शत्रोहन सिंह स्मृति चतुर्थ क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला गया।
इसमें शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शूटर क्लब मिश्रिख की टीम 13 रन से जीत हासिल कर चैम्पियन बनी। विजेता टीम को पुरस्कार के बतौर 21 हजार रुपये की नकद राशि के साथ चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई।
शूटर क्लब मिश्रिख टीम के कप्तान रोहित वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को चुना। टीम ने 14 ओवर में पांच विकेट खोकर 105 रन बनाए। जीत के लिए 106 रन का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी मयंक स्पार्टन्स कुतुबनगर टीम 14 ओवर में नौ विकेट खोकर 93 रन ही बना सकी।
इस तरह फाइनल मुकाबला शूटर क्लब की टीम ने 13 रन से जीत लिया। फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने पर शूटर क्लब के कृष्णा शुक्ला को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार विकास चौहान को मिला। दोनों खिलाड़ियों को पुरस्कार में नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले की विजेता शूटर क्लब मिश्रिख की टीम को जिला पंचायत सदस्य तनवीर हसन द्वारा मेडल पहनाकर, ट्रॉफी व 21 हजार रुपये की धनराशि जबकि उपविजेता टीम को बिजेंद्र सिंह द्वारा मेडल, ट्रॉफी व 11 हजार रुपये की धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, राधेलाल, यासीन अंसारी आदि मौजूद रहे।