पिसावां। क्षेत्र के मनिकापुर गांव में बुधवार रात वैवाहिक कार्यक्रम में बरातियों व जनातियों में जमकर जूते-चप्पल चले। विवाद की शुरुआत द्वारपूजन के समय पंडित को नेग देने को लेकर हुई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ।
हरदोई के नेदुरा गांव निवासी मोहित की बरात मनिकापुर निवासी जयसिंह के यहां पहुंची थी। बरात का स्वागत धूमधाम से हुआ लेकिन द्वारपूजन पर पंडित को नेग देने को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान नशे में धुत कुछ बराती वहीं पर डांस करने लगे। जिस पर मारपीट शुरू हो गई। जूते-चप्पल व लाठियां चलने लगीं। मारपीट में दूल्हे के भाई आशीष समेत कई बराती घायल हो गए। स्थिति बिगड़ती देख तमाम बराती जान बचाकर भाग गए। सूचना पर यूपी 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सिर्फ दूल्हा मोहित और उसका साथी रामदीन ही बचे थे। पुलिस ने दोनों को सुरक्षा के लिहाज से थाने पहुंचाया। लड़की पक्ष के लोग शादी को लेकर असमंजस में थे, क्योंकि बरात वापस चली गई थी। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलह-समझौता कर लिया। सुरक्षा व्यवस्था में पुनः विवाह की रस्में शुरू की गईं और शांतिपूर्वक विवाह संपन्न कराया गया।