समायोजन रद्द होने से नाराज शिक्षामित्रों ने सोमवार को विधायकों के पास दस्तक दी। सदर विधायक ने धरनास्थल पर पहुंचकर शिक्षामित्रों से ज्ञापन लिया और न्याय का भरोसा दिलाया। इसी क्रम में शिक्षामित्रों ने सेवता विधायक के आवास पर पहुंचकर उनके प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।
मालूम हो कि शिक्षामित्र विकास भवन के समक्ष बेमियादी धरना दे रहे हैं। सोमवार को सदर विधायक राकेश राठौर धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया किसरकार आपको हर हाल में न्याय देगी। किसी भी प्रकार से अहित नहीं होगा। इसके बाद शिक्षामित्र जुलूस की शक्ल में विजयलक्ष्मी नगर स्थित सेवता विधायक ज्ञान तिवारी के आवास पर पहुंचे।
यहां पर विधायक न मिलने से प्रतिनिधि ओम प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि ने शिक्षामित्रों की आवाज प्रदेश सरकार तक पहुंचाने की बात कही। इस मौके पर धर्मेद्र पांडेय, बनवारी लाल गौतम, आकाश सहित सैकड़ों शिक्षामित्र मौजूद रहे।शिक्षामित्रों के हर कदम पर पुलिस प्रशासन पैनी नजर रखे हुए है। धरनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिस समय शिक्षामित्र जुलूस निकाल रहे थे उस समय कई थानों की फोर्स उनकी पीछे-पीछे चल रही थी।
विकास भवन के समक्ष शिक्षामित्रों का प्रदर्शन के दौरान सोमवार को एक महिला शिक्षामित्र की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में पुलिस प्रशासन ने एंबुलेंस को बुलाया। उसके बाद डॉक्टर की निगरानी में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अब हालत सामान्य है।