सीतापुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के नैपालापुर क्षेत्र स्थित शेखर हॉस्पिटल को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई अवैध रूप से गर्भपात कराने की शिकायत पर की गई है। छापामारी के दौरान कोई भी पंजीकृत चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टॉफ नहीं मिला।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके नैय्यर ने बताया कि शेखर अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात कराने की शिकायत मिली थी। इस पर उन्होंने एसीएमओ को जांच के निर्देश दिए थे। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र शाही ने शनिवार को शहर के नैपालापुर हॉस्पिटल पर छापा मारा।
जांच के दौरान प्रभारी संचालक सहित कोई भी अधिकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। केवल कार्यवाहक प्रबंधक चंदशेखर वर्मा व एएनएम आकांक्षा वर्मा मौजूद मिली।
जांच के दौरान कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर कार्यवाहक प्रबंधक को पंजीकृत चिकित्सक के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया। हॉस्पिटल को सीज कर दिया गया है।