अयोध्या। रामपथ पर रीडगंज के निकट 163.71 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सात मंजिला आधुनिक अस्पताल का निर्माण सात महीने से अधिक समय बाद 23 प्रतिशत पूरा हुआ है। इसी वर्ष 27 फरवरी को शुरू हुई परियोजना को 26 अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। अस्पताल में इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और नवजात शिशुओं के उपचार की सुविधाएं विकसित होंगी।
अपर ग्राउंड फ्लोर पर 26 बेड का इमरजेंसी विभाग, प्रथम तल पर ओपीडी, दूसरी मंजिल पर एसएनसीयू, एमएनसीयू और एनआईसीयू बनेंगे। तीसरी और चौथी मंजिल पर 160 बेड के जनरल वार्ड, पांचवीं पर आईसीयू और निजी वार्ड, छठी पर ऑपरेशन थिएटर व सीएसएसडी और सातवीं पर प्रशासनिक विभाग होगा। रेडियोलॉजी और पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। लोक निर्माण विभाग, खंड-दो के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि भवन में पीसीसी का काम चल रहा है।
डॉक्टरों के लिए बनेंगे 64 आवास
परिसर में 22 बेड का नर्स हॉस्टल और डॉक्टरों व चिकित्सा अधिकारियों के लिए 64 आवास बनाए जा रहे हैं। पार्किंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, अग्निशमन प्रणाली और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी होगी। अस्पताल शुरू होने पर स्थानीय मरीजों और अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।