सीतापुर। बिसवां विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए सात संपर्क मार्गों पर निर्माण और विशेष मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों पर करीब 1.67 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से इसके लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। कार्य पूरे होने से कई गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
बिसवां क्षेत्र के शेखनपुरवा संपर्क मार्ग पर 13.48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पखनियापुर लिंक रोड की विशेष मरम्मत पर 24.54 लाख, फूलपुर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत पर 25.91 लाख और डोभा संपर्क मार्ग की मरम्मत पर 25.88 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा फरीदपुर महिपत सिंह संपर्क मार्ग पर 21.33 लाख, मोहत्तेपुर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत पर 29.20 लाख और रायपुर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत पर 27.21 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
अधिशासी अभियंता एमके वर्मा की ओर से जारी निविदा में सातों कार्यों की कुल अनुमानित लागत 1.67 करोड़ रुपये है। इनमें दो संपर्क मार्गों का निर्माण और पांच मार्गों की विशेष मरम्मत शामिल है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से कराए जाने वाले इन सभी कार्यों को पूरा करने के लिए दो महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है।