सीतापुर। प्राथमिक विद्यालयों में तैनात 42 शिक्षामित्रों की जल्द सेवाएं समाप्त हो सकती हैं। ये शिक्षामित्र एक माह से अधिक समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। बीएसए ने इन्हें सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है। अंतिम अवसर देते हुए एक सप्ताह में जवाब दाखिल करने की हिदायत दी है।
शासन ने लगातार अनुपस्थित चल रहे शिक्षामित्रों की जानकारी बीएसए से मांगी थी। इसमें 19 विकासखंड व नगर क्षेत्र में 42 शिक्षामित्र ऐसे मिले हैं जो एक माह या इससे अधिक समय से बिना सूचना के गैरहाजिर चल रहे हैं। कई बार नोटिस देकर विद्यालय न आने का कारण जाना गया लेकिन इन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है। बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने इनकी सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है।