सीतापुर। बिलिंग करने में लापरवाही बरतने पर बस अड्डे पर तैनात वरिष्ठ लिपिक को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया गया। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के हरदोई आगमन कार्यक्रम में जिले से सौ बसों गई थीं। 30 अप्रैल को सभी की वापसी हुई थी। सभी बसों का बिल बनाया जाना था।
इसके लिए उन्होंने वरिष्ठ लिपिक वीरेंद्र कुमार को अवगत कराया था। इसके बाद भी वह लगातार लापरवाही कर रहे थे। निरीक्षण से पहले ही लिपिक एक अन्य कर्मचारी को लेकर हरदोई में स्टेशनरी लेने की बात कहकर निकल गए।
इसके बाद उनके साथ गया कर्मचारी तो लौट आया पर लिपिक वापस न आकर लखनऊ में किसी काम से चले गए। उन्होंने फोन को भी बंद कर लिया था। इसकी जानकारी बृहस्पतिवार को बस स्टेशन आए आरएम रमेश कुमार को हुई। इसके बाद निलंबन के आदेश जारी किए गए।