कमलापुर/सीतापुर। सरकारी भूमि से कब्जा हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस की टीम के हाथ-पांव उस समय फूल गए जब एक महिला ने अपनी झोपड़ी में आग लगा दी। इसके बाद भी महिला झोपड़ी से बाहर नहीं निकली। हालांकि बाद में महिला आरक्षियों ने उसे पकड़कर झोपड़ी से बाहर निकाला। पुलिस ने महिला के विरुद्घ शांति भंग की कार्रवाई की है। ब्लॉक कसमंडा की ग्राम पंचायत सरौरा कला में स्वच्छ भारत मिशन फेस-2 के तहत ओडीएफ प्लस में एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र बनना है। इसे लेकर सरकारी जमीन खाली कराए जाने के लिए सिधौली तहसीलदार ने आदेश जारी किया था। आदेश के अनुपालन में राजस्व निरीक्षक राधेश्याम वर्मा, लेखपाल शशांक मिश्रा, संतोष सिंह व मनमोहन कटियार पुलिस बल के साथ बुधवार को गांव पहुंचे।
सरकारी जमीन पर लज्जावती ने फूस की झोपड़ी बना रखी थी। इसका घर गांव में बना है लेकिन सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर झोपड़ी भी बना रखी थी। जेसीबी जैसे ही पहुंची तो टीम को देख लज्जावती ने अपनी झोपड़ी में आग लगा दी। यह देख महिला आरक्षी साधना व आरती ने लज्जावती को पकड़कर झोपड़ी से बाहर निकाला। थाना प्रभारी राज करन शर्मा ने बताया कि महिला के विरुद्ध 151 के तहत कार्रवाई की गई है।