सीतापुर। कोरोना वायरस को लेकर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसकी रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने दिशा निर्देश जारी कर दिए है। होटल, रेस्टोरेंट व स्कूलों में रोजाना सफाई करने को कहा गया है।
अपर जिलाधिकारी विनय कुमार पाठक ने बताया कि किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाएं। ग्रसित व्यक्ति व परिजनों द्वारा नियमों का पालन व जांच में सहयोग देना जरूरी है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में स्थापित होटल, रेस्टारेंट के फर्श, काउंटर, कमरों, बाथरूम, डाइनिंग हाल, दरवाजे, कुंडी, सीढ़िया एवं उनकी रेलिंग व कुर्सी मेज को रोजाना लिक्विड से सफाई कराई जाएगी। सभी होटल, रेस्टारेंट में संचालक द्वारा 60 फीसद एल्कोहल वाले हैंडवॉश का प्रयोग किया जाएगा।
किसी होटल में विदेश से कोई व्यक्ति आता है, तो प्रबंधन तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी को सूचना देगा। होटल/रेस्टारेंट में खाना बनाने वाले स्टॉफ द्वारा मास्क बांधकर ही खाना बनाया जाएगा।