लहरपुर (सीतापुर)। लहरपुर नगर के प्राथमिक विद्यालय शाहकुलीपुर के जर्जर भवन का बरामदा अचानक गिर जाने से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। इस बरामदे का उपयोग शिक्षण कार्य के लिए नहीं किया जा रहा था। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नासिरा बानो ने बताया कि 2017 से लगातार सरकार द्वारा घोषित इस जर्जर भवन को नीलाम करने के लिए प्रस्ताव विभाग को भेजा जा रहा है लेकिन आज तक इसे ढहाया नहीं जा सका है।
रात में इस जर्जर भवन का बरामदा अचानक भरभरा कर गिर गया। रात होने के कारण हादसा होने से बच गया। भारी संख्या में मोहल्ले के लोग बरामदे के नीचे से होकर गुजरते हैं। इस बरामदे के नीचे आराम करते हैं। विद्यालय खुला होने पर छात्र-छात्राएं भी इस जर्जर बरामदे के नीचे खेलते रहते है।
खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने बताया कि सभी जर्जर भवनों के मूल्यांकन के लिए जिले से टीम का गठन किया गया है। टीम द्वारा मूल्यांकन किए जाने के बाद सभी जर्जर भवनों को ढहा दिया जाएगा।