सीतापुर। सर्दी के सितम ने रविवार को एक किसान का दम निकाल दिया। खेत से घर पहुंचते ही एकाएक गश खाकर किसान गिर गया। घर वाले उसे लेकर अस्पताल के लिए निकले मगर रास्ते में ही किसान की सांसे थम गई। परिवारीजन ठंड से मौत की बात कह रहे हैं। पुलिस व प्रशासन को सूचना दिए बिना परिवारीजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने भीषण ठंड को देखते हुए स्कूलों में अवकाश बढ़ा दिया है। 30 व 31 दिसंबर को स्कूलों में अवकाश रहेगा। प्री प्राइमरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिन कॉलेजों में प्रेक्टिकल है, वह जारी रहेगा।
कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं। रविवार सुबह घने कोहरे और बर्फीली हवा के बीच हुई। ठंड को देखते हुए अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे। ठंड और रविवार का अवकाश होने से शहर की सड़कें सूनी नजर रही। सर्दी के राहत पाने को हर कोई अलाव के इर्द-गिर्द बैठा नजर आया।
थाना क्षेत्र थानगांव के राजापुरवा मजरा राजपुर क्योटाना निवासी किसान श्यामलाल (65) पुत्र कल्लू रविवार सुबह 11 बजे गेहूं की फसल छुट्टा मवेशियों से बचाने को खेत गए थे। दोपहर के समय खेत से वापस आने पर श्यामलाल एकाएक गश खाकर गिर गए।
घर वाले उन्हें लेकर महमूदाबाद के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही श्यामलाल ने दम तोड़ दिया। परिवारीजन ठंड लगने से मौत होने की बात कह रहे हैं। पुलिस व प्रशासन को सूचना दिए बगैर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। सर्दी से ठिठुरते लोगों को दोपहर करीब दो बजे सूर्यदेव के दर्शन होने पर राहत मिलने की उम्मीद नजर आई। धूप तो खिली पर ठंड से राहत नहीं दे पाई।
दिन में पांच किमी. प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली बर्फीली हवा कंपकंपी छुड़ाती रहीं। शाम गहराते ही गलन और कोहरे का प्रकोप बढ़ने से शहर में पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रिकार्ड किया गया। ठंड से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।